सुपौल में प्रेमी युगल की जबरन शादी, वीडियो हुआ वायरल

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी जोड़े की जबरन शादी करवाई गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना राजेश्वरी थाना क्षेत्र की है, हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

क्या है पूरा मामला

सूत्रों के अनुसार, 29 तारीख को एक गांव की लड़की को दूसरे गांव से आए एक युवक ने बाइक पर बिठाकर भगा लिया। दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध थे, जिसका सबूत सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में भी देखा जा सकता है। लड़की के अचानक लापता हो जाने से परिजन चिंतित हो गए और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।

इसी बीच, कुछ लोगों ने दावा किया कि रात करीब 9 बजे एक अजनबी लड़का और लड़की बाइक से जाते दिखे। संदेह होने पर कुछ ग्रामीणों ने उन्हें रोक लिया और निगरानी में रखा। सूचना मिलते ही लड़की के परिवार वाले भी वहां पहुंचे और दोनों को अपने घर ले आए। इसके बाद ग्रामीणों और परिवार के दबाव में प्रेमी युगल की जबरन शादी करवा दी गई।

वीडियो में क्या दिख रहा है

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जब लड़का आनाकानी करता है, तो वहां मौजूद लोग उसे धमकाने लगते हैं। कुछ महिलाएं उसे जबरदस्ती लड़की की मांग में सिंदूर भरने के लिए मजबूर कर रही हैं। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ भी इकट्ठा हो गई।

पुलिस की प्रतिक्रिया

राजेश्वरी थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच की। पुलिस का कहना है कि दोनों युवक-युवती बालिग हैं और उनके परिजनों ने भी शादी के लिए सहमति दे दी है, इसलिए कानूनी तौर पर कोई समस्या नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]