सुपौल: राघोपुर में कांग्रेस का परिवर्तन सम्मेलन, राष्ट्रीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब का बीजेपी-जेडीयू पर हमला

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर के सिमराही में स्थित हाई स्कूल मैदान में शनिवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा “बिहार मांगे परिवर्तन” सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

बीजेपी-जेडीयू सरकार पर जमकर बरसे युवा कांग्रेस अध्यक्ष

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और जेडीयू की सरकार केवल अपनी जेबें भरने में लगी है, जबकि बिहार के लोग महंगाई, बेरोजगारी और पलायन जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा, “बिहार के युवा अपने राज्य को छोड़कर मजबूरी में दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं। यहां रोजगार के अवसर खत्म हो चुके हैं, उद्योग-धंधे ठप पड़े हैं, और सरकार विकास की जगह केवल जुमलेबाजी में व्यस्त है।”

“जाति-धर्म की राजनीति से जनता ऊब चुकी है”

युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने जनता से अपील की कि वे जुमलेबाजों की सरकार को हटाएं और बिहार में वास्तविक विकास लाने के लिए कांग्रेस को मौका दें। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और जेडीयू फिर से जाति और धर्म की राजनीति के सहारे सत्ता में लौटना चाहती हैं और यदि वे सफल हुए तो घोटाले और भ्रष्टाचार और बढ़ेंगे। “बिहार की जनता अब परिवर्तन चाहती है। एनडीए की सरकार से आम लोग परेशान हो चुके हैं। महंगाई चरम पर है, बेरोजगारी अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है और गरीबों को उनका हक नहीं मिल रहा। अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो हम इन सभी समस्याओं का समाधान निकालेंगे और बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाएंगे।”

युवा कांग्रेस ने जनता को किया जागरूक

सम्मेलन के दौरान कांग्रेस के नेताओं ने बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली पर भी चर्चा की। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सही नेतृत्व को चुनें और ऐसे दलों को सत्ता में लाएं जो जनहित के लिए कार्य करें, न कि सिर्फ वादे करें।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष अमरदीप कुमार ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय युवा, कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]