पिपरा वासियों का सपना हुआ साकार: नई रेल लाइन पर पहली बार ट्रेन रवाना, लोगों में खुशी की लहर

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

वर्षों से रेल सेवा का सपना देख रहे पिपरा वासियों का आज बहुप्रतीक्षित सपना साकार हो गया। आज पहली बार पिपरा से सुपौल होते हुए सहरसा तक ट्रेन सेवा की शुरुआत हुई। इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पिपरा रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे।

इस नई रेल लाइन परियोजना का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मधुबनी से ऑनलाइन हरी झंडी दिखाकर किया। स्टेशन पर विशेष आयोजन के तहत एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी, जिसमें लोगों ने उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण देखा। जैसे ही ट्रेन ने पिपरा स्टेशन से अपनी पहली यात्रा शुरू की, स्टेशन पर मौजूद लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। तालियों की गूंज और “जय हो!” के नारों के साथ पूरे स्टेशन परिसर में उत्सव का माहौल बन गया।

इस परियोजना को लेकर स्थानीय प्रशासन और रेलवे विभाग की ओर से विशेष तैयारियाँ की गई थीं। स्टेशन को सजाया गया था और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचे थे।

स्थानीय निवासी इस सेवा की शुरुआत को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं। उनका कहना है कि इससे न केवल आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास को भी बल मिलेगा। व्यवसाय, शिक्षा, और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं तक अब अधिक आसानी से पहुंच संभव होगी।

ग्रामीणों ने कहा, “हमने कई दशकों तक इस दिन का इंतजार किया है। अब हमारे बच्चे ट्रेन में बैठकर सहरसा और सुपौल जा सकेंगे। यह केवल रेल लाइन नहीं, बल्कि प्रगति की नई राह है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *