मुख्यमंत्री बालिका कैंसर प्रतिरक्षण योजना के अंतर्गत सिमराही में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन

न्यूज डेस्क सुपौल:

मुख्यमंत्री बालिका कैंसर प्रतिरक्षण योजना के तहत मंगलवार को जिले के सिमराही स्थित यदुनाथ मध्य विद्यालय में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीप नारायण राम और राघोपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार रजक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

उद्घाटन के बाद उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ. दीप नारायण राम ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन बच्चेदानी के मुंह (सर्वाइकल) के कैंसर से बचाव के लिए एक प्रभावी और सुरक्षित उपाय है। यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसके लगाने से कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि बिहार देश का पहला राज्य है जहाँ यह टीका पूरी तरह निःशुल्क सरकारी स्तर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। अन्य राज्यों में यह वैक्सीन प्राइवेट संस्थानों से लेनी पड़ती है, जिसकी कीमत लगभग ₹12,000 होती है।

डॉ. राम ने बताया कि इस टीकाकरण अभियान के तहत 9 से 14 वर्ष की उम्र की बालिकाओं को यह वैक्सीन दी जा रही है। इसके अंतर्गत उनके अस्पताल को कुल 500 डोज उपलब्ध कराए गए हैं, जो सिमराही नगर पंचायत के यदुनाथ मध्य विद्यालय और करजाइन कस्तूरबा बालिका विद्यालय में वितरित किए जा रहे हैं। टीका लगवाने वाली छात्राओं को एक प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।

मौके पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक नोमान अहमद, स्वास्थ्यकर्मी नरेश दास, एएनएम सुप्रिया कुमारी, शारदा कुमारी, सुमन मेहता, बीएमसी युनीसेफ अरविंद झा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक उमेश मंडल, किशोर कारक, पंकज कुमार, शिव कुमार, शिक्षक बिनोद राम, शंकर रजक, नीलम कुमारी, नीतू कुमारी, आशा कुमारी, बंधना कुमारी, सुजाता कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *