रक्सौल बॉर्डर पर चीनी नागरिक की घुसपैठ की कोशिश नाकाम, नेपाली सहयोगी सहित हिरासत में

न्यूज डेस्क पटना:

बिहार के रक्सौल बॉर्डर पर एक बार फिर विदेशी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया गया है। सशस्त्र सीमा बल (SSB) की स्पेशल यूनिट ने मंगलवार को मैत्री पुल के पास एक चीनी नागरिक और उसके नेपाली सहयोगी को हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चीनी नागरिक का नाम जेस्सी और नेपाली सहयोगी का नाम श्याम कुमार दहाल है। पूछताछ में सामने आया है कि दोनों नेपाल की एक ही निजी कंपनी ‘यान्ताई डांगफांग इलेक्ट्रिक कंपनी’ में कार्यरत हैं।

चीनी नागरिक टूरिस्ट वीजा पर नेपाल आया था और अपने नेपाली गाइड की मदद से भारत में अवैध प्रवेश की कोशिश कर रहा था। हालांकि, सीमा पर सतर्क SSB की बॉर्डर इंट्रक्शन टीम ने उन्हें मैत्री पुल पर ही पकड़ लिया।

बढ़ती संदिग्ध गतिविधियां

पिछले एक महीने में रक्सौल बॉर्डर पर विभिन्न देशों जैसे चीन, दक्षिण कोरिया, कनाडा, फ्रांस, अमेरिका और खालिस्तानी लिंक से जुड़े कुल 10 विदेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत में घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया है। इस घटनाक्रम के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है कि आखिर ये विदेशी नागरिक भारत में बिना वैध वीजा प्रवेश की कोशिश क्यों कर रहे हैं और उनका असली मकसद क्या है।

नेपाल में चीनी नेटवर्क की बढ़ती सक्रियता

हाल के महीनों में नेपाल में कुछ चीनी संस्थाएं स्कूलों, अस्पतालों और सामाजिक गतिविधियों के ज़रिए तेजी से अपना प्रभाव बढ़ा रही हैं। इसके माध्यम से चीन, नेपाल में एक व्यापक नेटवर्क स्थापित कर रहा है, जो भारत के लिए सुरक्षा चिंता का विषय बनता जा रहा है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ी चौकसी

रक्सौल और आसपास के बॉर्डर इलाकों में ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और भी कड़ा कर दिया गया है। सीमा पर सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की घुसपैठ को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *