सुपौल: राघोपुर में जमीन मापी के दौरान युवक ने तानी कट्टा, ग्रामीणों ने मौके पर दबोचा, पुलिस ने बरामद किया लोडेड हथियार

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही नगर पंचायत के धर्मपट्टी वार्ड नंबर-1 में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने जमीन मापी के दौरान विरोधी पक्ष पर हथियार तान दिया। आरोपी युवक की पहचान स्थानीय निवासी प्रकाश कुमार मुखिया के रूप में हुई है। वह अपने पिता रामकिशुन मुखिया की ओर से जमीन विवाद में शामिल था। घटना के दौरान लक्षित व्यक्ति नारायण मेहता बाल-बाल बच गए।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, रामकिशुन मुखिया और नारायण मेहता के बीच धर्मपट्टी गांव में लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा है। इसी विवाद के निपटारे के लिए शनिवार को राजस्व विभाग द्वारा अमीन के माध्यम से जमीन की मापी कराई जा रही थी। मापी कार्य के दौरान दोनों पक्षों की उपस्थिति में अमीन काम कर रहा था।

इसी दौरान प्रकाश कुमार मुखिया वहां पहुंचा और अमीन की बात मानने से इनकार कर दिया। फिर उसने अचानक अपनी कमर से लोडेड देशी कट्टा निकालकर नारायण मेहता की ओर तान दिया। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और प्रकाश को पकड़ लिया। लोगों ने उसे एक अर्धनिर्मित पीलर से रस्सी के सहारे बांध दिया, ताकि वह भाग न सके।

घटना की सूचना तुरंत राघोपुर थाना को दी गई। सूचना मिलते ही एसआई जैनेंद्र झा के नेतृत्व में पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से लोडेड देशी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]