चुनाव से पहले नीतीश सरकार का बड़ा फैसला: सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि तीन गुना बढ़ी, अब हर माह 1100 रुपये मिलेंगे

न्यूज डेस्क पटना:

बिहार में इस साल के अंत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बड़ा और प्रभावशाली निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत दी जाने वाली मासिक सहायता राशि को तीन गुना तक बढ़ाने का ऐलान किया है। इसके तहत वृद्धजन, विधवा महिलाएं और दिव्यांगजन, जिन्हें अब तक ₹400 प्रति माह की पेंशन मिलती थी, उन्हें अब ₹1100 प्रतिमाह की पेंशन दी जाएगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस निर्णय की जानकारी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए लिखा—

“मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को अब हर महीने ₹400 की जगह ₹1100 पेंशन मिलेगी। यह नई राशि जुलाई महीने से लागू होगी और हर माह की 10 तारीख को लाभार्थियों के खाते में सीधे भेजी जाएगी। इससे 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।”

मुख्यमंत्री ने इस योजना को सामाजिक सम्मान और सुरक्षा से जोड़ते हुए कहा कि—

“वृद्धजन समाज का अमूल्य हिस्सा हैं। उनका सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार इस दिशा में लगातार प्रयासरत है और आगे भी रहेगी।”

इस फैसले को लेकर सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने इस फैसले को “ऐतिहासिक दिन” बताया और मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा—

“नीतीश कुमार ने वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन की राशि ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 कर दी है। यह राज्य के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय है।”

वहीं डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने इसे जनता की आवाज का सम्मान बताया। उन्होंने कहा—

“महिला संवाद जैसे आयोजनों में लोगों ने पेंशन राशि बढ़ाने की मांग की थी। सरकार ने उस जनभावना को समझते हुए यह ऐतिहासिक फैसला लिया है। इससे लाखों लोगों को राहत मिलेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *