सुपौल: राघोपुर में तेज रफ्तार पिकअप वैन ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, चालक समेत दो महिला घायल

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के बतरान चकला के समीप एनएच-27 पर शनिवार की दोपहर एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत दो महिला सवारी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद पिकअप वैन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनका इलाज जारी है।

जानकारी देते हुए डॉ. राहुल झा ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। घायल व्यक्तियों की पहचान ई-रिक्शा चालक शोभान्द मंडल (30 वर्ष), निवासी तीनटोलिया वार्ड 10, अनिता देवी (40 वर्ष), पत्नी रामसागर साह, निवासी बतरान चकला वार्ड 15 तथा बबीता देवी (30 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा बतरान चकला से सिमराही की ओर जा रहा था, तभी प्रतापगंज की दिशा से तेज गति से आ रही पिकअप वैन ने उसे सीधी टक्कर मार दी।

इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि घटना को लेकर अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *