सुपौल: निर्वाचक सूची विशेष पुनरीक्षण की समीक्षा, आयुक्त ने दिए जरूरी निर्देश

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

कोसी प्रमंडल आयुक्त राजेश कुमार ने शनिवार को सुपौल समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 कार्य की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक सरथ आर. एस. सहित सभी संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आयुक्त ने समीक्षा के दौरान बताया कि सुपौल जिले में अब तक करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष बचे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दो से तीन दिनों के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 26 जुलाई है, जिसे हर हाल में पूरा किया जाए। विशेष रूप से कोसी नदी के बीच बसे गांवों के लिए सुपरवाइजर रैंक के कर्मियों को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि कोई भी मतदाता छूटने न पाए।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि आगामी चुनावों में शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]