सुपौल में तेजस्वी यादव की हुंकार: भारी बारिश के बीच तेजस्वी ने रैली को किया संबोधित, कहा सरकार 15 साल पुरानी गाड़ी हटा देती है, लेकिन मुख्यमंत्री 20 साल से जमे हैं

न्यूज डेस्क सुपौल:

नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मंगलवार को सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही स्थित लखीचंद साहू उच्च विद्यालय खेल मैदान में आयोजित ‘कुशवाहा स्वाभिमान रैली’ को संबोधित करने पहुंचे। भारी बारिश और मौसम की खराबी के बावजूद हजारों की संख्या में लोग रैली स्थल पर डटे रहे। तेज बारिश के दौरान भी लोगों ने कुर्सी सिर पर रखकर भीगते हुए तेजस्वी का इंतजार किया और उनका भाषण सुना।

सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने मौजूदा एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “एनडीए वाले हमें परिवारवादी कहते हैं, जबकि उनकी खुद की सरकार में 50 फीसदी मंत्री परिवारवाद से निकले हैं। सरकार गाड़ी को 15 साल में हटा देती है, लेकिन मुख्यमंत्री 20 साल से जमे हुए हैं। अब हम उन्हें क्यों रहने दें?”

अफसरशाही और भ्रष्टाचार पर हमला

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि राज्य में अफसरशाही चरम पर है। उन्होंने कहा, “गरीबों का कोई काम बिना रिश्वत के नहीं होता। हत्या और दुष्कर्म की घटनाओं में भी पुलिस बिना लेन-देन के कार्रवाई नहीं करती।”

उन्होंने कहा कि “हमने सरकार में रहकर 5 लाख नौकरियां दीं, जबकि हमारी घोषणा का मजाक उड़ाया गया था। हमने आरक्षण का दायरा बढ़ाया, जातीय जनगणना कराई, लेकिन चाचा पलट गए और सरकार गिरा दी गई।”

हम बोलते हैं, ये नकल करते हैं

तेजस्वी ने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा, “वर्तमान मुख्यमंत्री और सरकार नकलची हैं। हम जो बोलते हैं, वह उसे लागू कर देते हैं। वृद्ध, विधवा और विकलांग पेंशन को हमने बढ़ाने का वादा किया था, तो इन्होंने भी उसे बढ़ा दिया। अब हमने ‘माई-बहिन मान योजना’ का ऐलान किया है, जल्द ही उसकी भी नकल करेंगे।”

तेजस्वी यादव ने की कोसी के लिए घोषणाएं

तेजस्वी यादव ने अपनी सरकार बनने पर कोसी क्षेत्र के लिए अलग से ‘कोसी डेवलपमेंट अथॉरिटी’ के गठन का वादा किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में मक्का का उत्पादन अधिक होता है, इसलिए हर पंचायत में भंडारण व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही युवाओं के लिए युवा आयोग का गठन होगा, फॉर्म भरने की फीस और परीक्षा केंद्र तक आने-जाने का खर्च सरकार उठाएगी।

उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति या पार्टी से नहीं, बल्कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पलायन जैसी समस्याओं से है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “हमारा एजेंडा पढ़ाई, कमाई और तरक्की का है, जबकि भाजपा हिन्दू-मुस्लिम और मंदिर-मस्जिद में जनता को उलझाना चाहती है।”

तेजस्वी ने मतदाता सूची से नाम कटने की आशंका जताते हुए कहा, “अगर आपका नाम वोटर लिस्ट से कट गया तो आप देश के नागरिक नहीं रहेंगे। आपकी संपत्ति छिन जाएगी। यह सरकार चुनाव आयोग की मदद से गरीबों के वोट कटवाने में लगी है।”

कुशवाहा समाज को साधने की कोशिश

रैली में कुशवाहा समाज की बड़ी भागीदारी रही। तेजस्वी यादव ने स्पष्ट किया कि राजद ने हमेशा कुशवाहा समाज के लोगों को टिकट देकर प्रतिनिधित्व दिया है और आगे भी पिछड़ा, अति-पिछड़ा, अल्पसंख्यक और कुशवाहा समाज के लोगों को सम्मानजनक भागीदारी दी जाएगी।

रैली की अध्यक्षता कर रहे पूर्व मंत्री व राजद नेता बैद्यनाथ मेहता ने कहा कि कोसी संघर्ष की धरती है। उन्होंने कहा, “हर साल बाढ़ से हमारा घर बह जाता है, लेकिन हम हार नहीं मानते। एकजुट होकर नया बिहार बनाएंगे। छातापुर में बाहरी व्यक्ति तीन हजार की आबादी लेकर तीन लाख लोगों पर राज कर रहा है, उसे उखाड़ कर फेंकना है।”

मंच पर मौजूद अन्य नेता

रैली में तेजस्वी यादव के साथ राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल, पूर्व मंत्री ललित यादव, पूर्व मंत्री आलोक मेहता, पूर्व मंत्री रेणु कुशवाहा, युवा राजद प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव, राज्यसभा सांसद संजय यादव, एमएलसी अजय सिंह, सिंहेश्वर विधायक चंद्रहास चौपाल समेत कई नेता मंच पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *