3 करोड़ से ज्यादा का गांजा बरामद, सुपौल में पिकअप से 1718 किलो गांजा पकड़ा, तस्कर फरार

न्यूज डेस्क सुपौल:

बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद नशे के कारोबारियों ने अब सूखे नशे की ओर रुख कर लिया है। खासकर नेपाल सीमा से सटे इलाकों में गांजा की तस्करी में लगातार इजाफा हो रहा है। लेकिन सुपौल पुलिस की सक्रियता ने एक बार फिर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है।

दरअसल, जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के बलुआ बाजार नहर के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है। सुपौल एसपी शरथ आर.एस. ने जानकारी देते हुए बताया कि पिकअप गाड़ी से कुल 46 बोरे गांजा बरामद किया गया है, जिसका कुल वजन 1718 किलोग्राम है।

बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3 करोड़ 43 लाख रुपये आंकी गई है। हालांकि, छापेमारी के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने गांजा लदी गाड़ी को जब्त कर लिया है।

एसपी ने बताया कि गांजा की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और किनके पास इसकी डिलीवरी होनी थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गांजा तस्करी में शामिल अन्य तस्करों की तलाश में छापेमारी अभियान भी तेज कर दिया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *