खगड़िया में प्रशांत किशोर की बिहार बदलाव जनसभा, नीतीश–तेजस्वी–भाजपा पर सीधा हमला

News Desk Khagaria:

जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने अपनी बिहार बदलाव यात्रा के क्रम में शनिवार को खगड़िया जिले के अलौली विधानसभा क्षेत्र स्थित जलकौड़ा फुटबॉल मैदान में ‘बिहार बदलाव जनसभा’ को संबोधित किया। इस अवसर पर मैदान में भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने पीके के भाषण को ध्यानपूर्वक सुना।

नीतीश कुमार पर सीधा वार

जनसभा और प्रेस वार्ता के दौरान प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जेडीयू चाहे राजपुर विधानसभा सीट या किसी भी अन्य सीट पर जिसे चाहे उम्मीदवार बना दे, लेकिन बिहार की जनता अब मन बना चुकी है। पीके ने कहा— “नवंबर के बाद बिहार में नई व्यवस्था बननी तय है। उससे पहले नीतीश कुमार जितनों को भी उम्मीदवार बनाएंगे, सबकी हार निश्चित है।”

तेजस्वी यादव को घेरा

तेजस्वी यादव द्वारा बिहार से पलायन पर उठाए गए सवालों पर प्रशांत किशोर ने पलटवार करते हुए कहा कि पलायन के लिए जिम्मेदार खुद उनके परिवार का शासन है। उन्होंने कहा— “लोगों को तेजस्वी यादव से पूछना चाहिए कि उनके माता-पिता के 15 साल के शासन में बिहार क्यों गर्त में चला गया। फिर जब खुद तेजस्वी उपमुख्यमंत्री बने तो तीन साल तक गुंडागर्दी और लूट का राज चलता रहा। न शिक्षा के लिए कुछ किया, न रोजगार के लिए। यही वजह है कि आज बिहार की यह स्थिति है।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को दी कड़ी चेतावनी

भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल द्वारा प्रशांत किशोर की तारीफ करने पर भी पीके ने तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा— “दिलीप जायसवाल चाहे जितनी मेरी तारीफ कर लें, वो छूटेंगे नहीं। बिहार के 100 सबसे ज्यादा भ्रष्ट नेता और मंत्री अभी से भगवान की पूजा शुरू कर दें। जन सुराज की सरकार बनी तो इन सभी को जेल जाना होगा और इनके परिवार से लूटा गया पैसा वसूला जाएगा।”

बदलाव के लिए जुटी भीड़

जनसभा के दौरान युवाओं और महिलाओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। मंच से बोलते समय प्रशांत किशोर ने लगातार जनता से संवाद करते हुए कहा कि उनका अभियान किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए है। उन्होंने दावा किया कि बिहार अब निर्णायक मोड़ पर है और जनता बदलाव का मन बना चुकी है।

Leave a Comment