सुपौल में मास्टर प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न, निर्वाचन प्रक्रिया की दी गई विस्तृत जानकारी

News Desk Supaul:

विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारी के तहत आज उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुपौल के नेतृत्व में मास्टर प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण जिला स्तर पर आयोजित किया गया, जिसमें जिले के सभी प्रखंडों से चयनित मास्टर प्रशिक्षक शामिल हुए।

प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर धर्मेंद्र कुमार एवं अंजनी कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि “निर्वाचन कार्य लोकतंत्र की नींव है, इसलिए इससे जुड़े प्रत्येक पदाधिकारी का दायित्व है कि वे पूरी निष्ठा एवं दक्षता के साथ कार्य करें।”

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर प्रशिक्षकों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नवीन दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। साथ ही मतदान प्रक्रिया, ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रयोग, आदर्श आचार संहिता के पालन, मतदाता सुविधा केंद्र की व्यवस्था, दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए विशेष प्रावधान, शिकायत निवारण तंत्र और माइक्रो ऑब्जर्वर की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

मास्टर प्रशिक्षकों को यह भी बताया गया कि वे आगामी चरणों में प्रखंड स्तर पर होने वाले मतदान कर्मी प्रशिक्षण में मुख्य भूमिका निभाएंगे, इसलिए प्रशिक्षण के प्रत्येक पहलू को गंभीरता से समझना आवश्यक है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के बीच प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी कई महत्वपूर्ण शंकाओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]