बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, किशनपुर में 936 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

News Desk Supaul:

बिहार विधान सभा आम निर्वाचन-2025 को शांतिपूर्ण, स्वच्छ, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलेभर में नशा एवं अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सुपौल पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक सुपौल के निर्देश पर किशनपुर थाना क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशनपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर फुलकाहा गांव में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 936 लीटर विदेशी शराब बरामद की। छापेमारी के दौरान दो तस्कर—कृष्ण मोहन कुमार एवं मोहम्मद शाहिद को मौके से गिरफ्तार किया गया।

दोनों गिरफ्तार तस्करों से पुलिस पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और कहां सप्लाई की जानी थी। पुलिस द्वारा बरामद शराब के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

इस मामले में किशनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, चुनाव के मद्देनजर जिले की सीमाओं पर सघन वाहन जांच और चौकसी को और कड़ा कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *