सुपौल: वीरपुर में SSB 45वीं वाहिनी ने आयोजित किया ‘बॉर्डर यूनिटी रन’, सैकड़ों युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

News Desk Supaul:

जिला के वीरपुर में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 45वीं वाहिनी द्वारा सीमा क्षेत्र में एकता, देशभक्ति और फिटनेस का संदेश देने के उद्देश्य से ‘बॉर्डर यूनिटी रन’ का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन आगामी SSB स्थापना दिवस (20 दिसंबर 2025) के उपलक्ष्य में किया गया, जिसमें सीमावर्ती इलाके के सैकड़ों युवक-युवतियों एवं आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बॉर्डर यूनिटी रन की शुरुआत भीमनगर पेट्रोल पंप से हुई और यह दौड़ वीरपुर स्टेडियम तक लगभग 5 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए संपन्न हुई। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने अनुशासन के साथ दौड़ पूरी कर देश और सीमा सुरक्षा बलों के प्रति अपना सम्मान और समर्थन व्यक्त किया।

इस कार्यक्रम में छातापुर विधायक नीरज कुमार बबलू बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। वीरपुर के राजकीय प्लस टू हाई स्कूल स्थित स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित समापन कार्यक्रम के दौरान SSB की ओर से मुख्य अतिथि का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

विधायक ने अपने संबोधन में SSB के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सीमा सुरक्षा के साथ-साथ युवाओं को राष्ट्र सेवा और शारीरिक फिटनेस के प्रति प्रेरित करने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान दौड़ में शामिल प्रतिभागियों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित भी किया गया, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ गया। सम्मान पाकर युवाओं के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी।

इस मौके पर SSB 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह सहित बल के कई वरिष्ठ अधिकारी और जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि SSB का स्थापना दिवस 20 दिसंबर 2025 को मनाया जाएगा और इसी क्रम में विभिन्न सामाजिक, खेल एवं जन-जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]