सुपौल: राघोपुर में ई रिक्शा पलटने से चालक समेत चार घायल, एक की हालत गंभीर

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही हाई स्कूल रोड स्थित पावर ग्रिड के समीप शुक्रवार शाम को एक सड़क हादसा हो गया। सिमराही से वेरदह जाने के क्रम में एक ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें रिक्शा चालक सहित चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी देते हुए ई रिक्शा चालक विद्यानंद कुमार ने बताया कि सामने से आ रही एक चार चक्का वाहन की तेज रोशनी पड़ने के कारण रिक्शा चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे रिक्शा सड़क पर पलट गई।

हादसे में रिक्शा चालक और तीन यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों की पहचान वेरदह वार्ड नंबर-2 निवासी 70 वर्षीय मिश्रीलाल साह, 32 वर्षीय रुबी देवी, वेदरह सीताराम चकला वार्ड नंबर-1 निवासी बैजनाथ सादा तथा रिक्शा चालक विद्यानंद कुमार के रूप में की गई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को नजदीकी रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. राहुल झा ने बताया कि बैजनाथ सादा के दाहिने पैर में फ्रैक्चर है तथा सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज राघोपुर रेफरल अस्पताल में जारी है।

इधर, मामले को लेकर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। आगे की कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]