सुपौल: सिमराही बाजार में चदरा काटकर किराना गोदाम से लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार में गुरुवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रामनगर रोड स्थित लक्ष्मण गुप्ता के गुप्ता किराना स्टोर के गोदाम में बड़ी चोरी की घटना सामने आई। चोरों ने सुनियोजित तरीके से गोदाम को निशाना बनाते हुए करीब चार से पांच लाख रुपये मूल्य के बिस्कुट चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी देते हुए दुकान के मालिक अभिनदंन गुप्ता ने बताया कि चोरों ने गोदाम के पीछे लगी चदरा (टिन) की दीवार को काटकर वारदात को अंजाम दिया। बताया कि गुरुवार की सुबह स्थानीय लोगों ने गोदाम के पीछे दीवार कटी हुई देखी, जिसके बाद इसकी सूचना हमे दी। सूचना मिलते ही जब हम गोदाम पहुंचे, तो देखें कि बिस्कुट गोदाम की चदरा को नट खोलकर उखाड़ दिया गया है और अंदर रखा बिस्कुट का बड़ा स्टॉक गायब है। बताया कि चोरी होने से लगभग चार से पांच लाख रुपये मूल्य के बिस्कुट चोरी हुई है, हालांकि गोदाम में रखे सामानों को मिला रहे है इसके बाद ही सही क्षति का जानकारी मिलेगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत राघोपुर थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने गोदाम के आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। जिस तरह से चोरों ने चदरा की दीवार काटकर नट खोलते हुए अंदर प्रवेश किया, उससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों को गोदाम की बनावट और अंदर रखे सामान की पूरी जानकारी थी।

इस घटना के बाद बढ़ती चोरी की घटनाओं से सिमराही बाजार के व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों ने प्रशासन पर रात्रि गश्ती में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

वहीं, इस मामले को लेकर राघोपुर प्रभारी थानाध्यक्ष स्वीटी कुमारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]