सुपौल: सिमराही में NH किनारे अज्ञात शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत NH 27 पर सिमराही पचास पुला स्थित उदय लाइन होटल के समीप उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना सामने आई। शव मो. अरमान गैरेज के आगे पड़ा हुआ था, जिसे सुबह गैरेज मालिक द्वारा दुकान खोलने के दौरान देखा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही गैरेज मालिक सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे, उन्होंने गैरेज के सामने एक व्यक्ति को बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। करीब जाकर देखने पर उसके मृत होने की आशंका हुई। इसके बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना तत्काल राघोपुर थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही राघोपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि वे मृतक को पहचानते नहीं हैं और यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह व्यक्ति कहां का रहने वाला है और कब वहां पहुंचा।

पुलिस ने शव को पहचान के लिए सुरक्षित रखवाया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। प्रथम दृष्टया शव पर किसी प्रकार की स्पष्ट पहचान संबंधी जानकारी नहीं मिल सकी है।

इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि, “मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *