सुपौल: राघोपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सिमराही में 451 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार के जेपी चौक के समीप एनएच-27 पर पुलिस ने रविवार अहले सुबह मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उजले रंग की बोलेरो से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 451.100 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त करते हुए दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया है।

प्रेस वार्ता कर एसपी शरथ आर. एस. ने बताया कि राघोपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि भीमपुर की ओर से एक उजले रंग की बोलेरो (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-37P-3853) में आपत्तिजनक सामान लेकर कुछ लोग भपटियाही की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सिमराही गोल चौक पर वाहन चेकिंग शुरू की गई। बताया कि उक्त बोलेरो तेज रफ्तार में आती दिखी। पुलिस के रुकने के इशारे पर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से वाहन को घेरकर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान वाहन में बैठे दो व्यक्तियों की पहचान अररिया जिले निवासी मो० आजिर आलम एवं आलम खाँ के रूप में हुई। बताया कि इस अभियान में राघोपुर, ललितग्राम एवं प्रतापगंज थाना की पुलिस लगी थी।

जिसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा-50 के तहत दंडाधिकारी के उपस्थिति में वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें बोलेरो के अंदर 13 प्लास्टिक बोरे में 451.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जिसका मूल्य बाजार में करीब 1 करोड़ आंका गया। बताया कि पुलिस ने गांजा के साथ बोलेरो वाहन, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया।

एसपी शरथ आर. एस. ने बताया कि राघोपुर थाना पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता है। बरामद गांजा की मात्रा काफी अधिक है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों समेत फरार तस्करों और बोलेरो वाहन के स्वामी के विरुद्ध राघोपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *