सुपौल: छातापुर में बीड़ी नहीं देने पर वृद्ध महिला की पीट-पीटकर हत्या

News Desk Supaul:

जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के लालगंज पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 14 स्थित सरदार टोला में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बीड़ी नहीं देने के मामूली विवाद में दो नशेड़ी युवकों ने एक 60 वर्षीय वृद्ध महिला की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी।

मृतका की पहचान स्वर्गीय जगदेव सरदार की पत्नी सुगिया देवी (60) के रूप में हुई है। मृतका की बड़ी बहू कैली देवी ने बताया कि रविवार की रात करीब 8 बजे वे अपने दरवाजे पर स्थित किराना दुकान बंद कर बैठकी घर में अपनी सास सुगिया देवी, भतीजे-भतीजी के साथ अलाव ताप रही थीं। इसी दौरान पड़ोस के आशीष सरदार और गौरव सरदार वहां पहुंचे।

आरोप है कि आशीष सरदार ने बीड़ी की मांग की। सास द्वारा बीड़ी नहीं होने की बात कहने पर युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जबरन दुकान खोलने का दबाव बनाने लगा। दुकान में भी बीड़ी नहीं होने की बात कहे जाने पर दोनों युवक उग्र हो गए और सुगिया देवी के साथ लात-घूंसे से बेरहमी से मारपीट करने लगे।

बीच-बचाव करने आई बड़ी बहू कैली देवी और उनकी पौत्री अमरीका कुमारी के साथ भी लाठी से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया। शोर-शराबा सुनकर जब तक परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, दोनों आरोपी युवक फरार हो चुके थे।

मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल सुगिया देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कैली देवी और अमरीका कुमारी घायल हो गईं। सूचना मिलने पर छातापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी छातापुर भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *