Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही के धर्मपट्टी, एनएच-27 किनारे स्थित एक मोटर पार्ट्स की दुकान में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है।






शनिवार देर रात्रि में चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। यह घटना रविवार की सुबह उजागर हुई, जब दुकान के बगल के एक पड़ोसी ने दुकान का ताला टूटा हुआ देखा।






पड़ोसी ने तुरंत इसकी जानकारी फोन के माध्यम से दुकान मालिक को दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मनीष कुमार मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। दुकान के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।






जानकारी देते हुए दुकान मालिक मनीष कुमार ने बताया कि चोर दुकान से लगभग 20 पीस टायर, 10 कार्टून मोबिल ऑयल, एक मोटर मशीन समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं। बताया कि चोरों ने लगभग 70 हजार रुपए का सामान चुरा लिया है।






इस घटना के बाद सिमराही बाजार के दुकानदारों और व्यवसायियों में भय का माहौल है। स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि बाजार में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस गश्ती व्यवस्था कमजोर है। इससे चोरों और असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।






वहीं घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर कार्यवाही की जा रही है।











