Report: A.K Chaudhary
जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार स्थित एनएच–27 पर गुरुवार की शाम एक सड़क हादसे में एक वृद्ध व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6 बजे जेपी चौक के पास सड़क पार करने के दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को उठाकर राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घायल की पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मपट्टी वार्ड संख्या 1 निवासी 80 वर्षीय रामप्रसाद सूतिहार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे सिमराही बाजार स्थित मनुबाबा मंदिर में आयोजित सत्संग कथा सुनकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर पाते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।







