सुपौल: राघोपुर में अग्निपीड़ित परिवारों को मिली राहत, यूनिटी क्लब ने बांटे राशन व जरूरी सामान

राघोपुर प्रखंड के दौलतपुर पंचायत वार्ड 9 में भीषण अगलगी से प्रभावित छह परिवारों के बीच यूनिटी क्लब सिमराही ने राहत किट का वितरण किया। खाद्य सामग्री, कपड़े और कंबल सहित आवश्यक सामान देकर पीड़ितों को तत्काल सहायता पहुंचाई गई।

Report: A.K Chaudhary

जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत दौलतपुर पंचायत के वार्ड संख्या 9 में मंगलवार की रात लगी भीषण आग से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सामाजिक संगठन सहयोग करने आगे आ रहे है। अगलगी की इस घटना में पांच परिवारों के करीब छह घर जलकर पूरी तरह राख हो गए थे, जिससे पीड़ित परिवारों के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया।

इसी क्रम में बुधवार की संध्या में यूनिटी क्लब सिमराही के बैनर तले पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया। संस्था के सदस्यों ने बताया कि आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि प्रभावित परिवारों के पास शरीर पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा। ऐसे में मानवीय पहल के तहत क्लब की ओर से राहत किट तैयार कर वितरित की जा रही है।

राहत किट में चावल, दाल, चूड़ा, आलू, तेल, प्याज, नमक जैसे खाद्य पदार्थों के साथ कंबल, त्रिपाल, साड़ी और अन्य वस्त्र शामिल किए गए। इन सभी सामग्रियों को पैकेट बनाकर पीड़ितों तक पहुंचाया गया ताकि वे तत्काल राहत पा सकें।

इस मौके पर संस्था के संरक्षक सदस्य ब्रिगेडियर प्रणव जयसवाल ने बताया कि यूनिटी क्लब वर्ष 2014 से लगातार मानव सेवा के कार्यों में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान भी संस्था के स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर भोजन और दवाइयों की आपूर्ति की थी। वर्तमान में अग्निपीड़ितों को राशन, कंबल और वस्त्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं और आगे भी जरूरत के अनुसार सहायता जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों के बीच सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करना है और भविष्य में भी ऐसी परिस्थितियों में हर संभव मदद की जाएगी।

वितरण कार्यक्रम के दौरान पंचायत के मुखिया भूपेंद्र मेहता सहित संस्था के विश्वजीत भगत, जय शंकर, पिंटू साह चौधरी, रिंकू भगत, अमित भगत, अविनाश सन्नी, देवादित्य सेन और प्रमोद शाह मौजूद रहे।

Leave a Comment