Report: A.K Chaudhary
होली से ठीक एक दिन पहले नेशनल हाईवे 27 पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक पिकअप चालक की मौत हो गई। घटना सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर पिपरा खुर्द गांव के पास मंगलवार को हुई, जहां ट्रक और पिकअप वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

मृतक की पहचान अररिया जिले के फारबिसगंज निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद चांद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह फारबिसगंज से लहसुन की बोरियां लादकर मुजफ्फरपुर जा रहा था। इसी दौरान पश्चिम दिशा से आ रहे एक ट्रक से उसकी पिकअप की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने किसी तरह क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे चालक को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। भपटियाही अस्पताल से उसे नेपाल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ देर के लिए बाधित यातायात को सुचारु कराया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है तथा मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।







