सुपौल: करजाईन में EOU का बड़ा छापा, कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार रजक से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई

सुपौल के करजाइन में आर्थिक अपराध इकाई पटना की टीम ने आय से अधिक संपत्ति मामले में अभियंता मनोज कुमार रजक से जुड़े सात ठिकानों पर छापेमारी की। एक दर्जन गाड़ियों के साथ पहुंची टीम ने गैस एजेंसी कार्यालय, गोदाम और आवास सहित कई स्थानों पर जांच की।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के करजाईन में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) पटना की टीम ने आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मधुबनी में पदस्थापित बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार रजक से जुड़े ठिकानों पर व्यापक छापेमारी शुरू की है। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, EOU की टीम करीब एक दर्जन गाड़ियों के काफिले के साथ करजाईन पहुंची, जिसमें कई वरीय पदाधिकारी शामिल हैं। छापेमारी के दौरान स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी टीम के साथ मौजूद हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है।

छापेमारी करजाईन स्थित मनोज कुमार रजक के भाई संजय कुमार रजक के एचपी गैस एजेंसी कार्यालय, गैस गोदाम और आवास पर की जा रही है। इसके अलावा संस्कृत निर्मली स्थित गैस एजेंसी कार्यालय और बौराहा स्थित गैस गोदाम में भी एक साथ कार्रवाई चल रही है। करजाइन में ही मनोज कुमार रजक के जमीन और आवास की भी गहन जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि North Bihar Power Distribution Company Limited में कार्यरत मनोज कुमार रजक फिलहाल मधुबनी जिले के जयनगर स्थित इलेक्ट्रिक सप्लाई डिवीजन में पदस्थापित हैं। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि उनके पास घोषित आय के मुकाबले लगभग 62 प्रतिशत अधिक संपत्ति पाई गई है।

आर्थिक अपराध इकाई के पदाधिकारियों के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति के मामले में मनोज कुमार रजक के खिलाफ पूर्व में मामला दर्ज किया गया था। उसी के आधार पर आज एक साथ सात ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। टीम विभिन्न दस्तावेजों, संपत्ति के कागजात और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है।

सूत्रों की मानें तो गैस एजेंसी के संचालन में भी मनोज कुमार रजक की भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि, EOU के अधिकारी फिलहाल इस पूरे मामले में कोई आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं। छापेमारी की कार्रवाई जारी है और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]