सुपौल: सिविल सर्जन ने राघोपुर रेफरल अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा और अवैध अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

राघोपुर रेफरल अस्पताल के औचक निरीक्षण में सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जांच की, मरीजों से जानकारी ली और क्षेत्र में संचालित अवैध अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित रेफरल अस्पताल में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे सुपौल सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा ने औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने अस्पताल की समग्र व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने महिला बंध्याकरण ऑपरेशन की प्रक्रिया की विस्तार से जांच-पड़ताल की। साथ ही भर्ती मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में मिलने वाली भोजन व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली। सिविल सर्जन ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, प्रसव कक्ष, डिलीवरी वार्ड तथा एक्स-रे विभाग का भी गहन निरीक्षण किया और साफ-सफाई व व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया।

मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. बाबू साहब झा ने कहा कि राघोपुर प्रखंड क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और नर्सिंग होम की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ऐसे अवैध संस्थानों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जल्द ही विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ओपीडी में कर्मियों की कमी के सवाल पर सिविल सर्जन ने कहा कि इस समस्या से विभाग को अवगत कराया जाएगा और जल्द ही आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रेफरल अस्पताल में शीघ्र ही अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा शुरू कराई जाएगी, जिससे स्थानीय मरीजों को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दीप नारायण राम, अस्पताल प्रबंधक मोहम्मद नोमान सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

सिविल सर्जन ने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

Leave a Comment

[democracy id="1"]