सुपौल: धरहारा में आगलगी, मवेशी घर व भुस्कार जले, ग्रामीणों की तत्परता से आग पर पाया काबू

राघोपुर प्रखंड के धरहारा पंचायत वार्ड 8 में घूर की चिंगारी से लगी आग में नरसिंह यादव का मवेशी घर और भुस्कार जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार की सुबह आगलगी की एक घटना से अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। प्रखंड अंतर्गत धरहारा पंचायत के वार्ड संख्या 8 में नरसिंह यादव के घर में सुबह करीब 10 बजे अचानक एक घर में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

आग की लपटें उठती देख परिजनों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देर किए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बाल्टी, मोटर पंप और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आग घूर से उठी चिंगारी के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते घर के पास बने मवेशी घर और भुस्कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग की इस घटना में एक चदरा का मवेशी घर तथा एक भुस्कार जलकर पूरी तरह राख हो गया।

हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयास के कारण आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Leave a Comment