Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बलुआ थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक चारपहिया वाहन से भारी मात्रा में विदेशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद की है।

थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अररिया जिले के फुलकहा की ओर से एक उजले रंग की सफारी वाहन में शराब की खेप लेकर तस्कर बलुआ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय किया गया और चिन्हित स्थानों पर वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया गया।

बीती रात गौड़यारी रोड पर सघन वाहन जांच के दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध उजले रंग की सफारी गाड़ी पर पड़ी। पुलिस को देखते ही वाहन चालक तेजी से भागने लगा। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी तय करने के बाद जब तस्करों को लगा कि अब वे बच नहीं पाएंगे, तो वे वाहन को सड़क किनारे छोड़कर मक्के के खेत की ओर भाग निकले।
पुलिस ने उनका पीछा करते हुए तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार होने में सफल रहे। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 22 बोरा नेपाली ‘दिलवाले’ ब्रांड की शराब शामिल है, जिसमें प्रत्येक बोरे में 90 बोतल (प्रत्येक 300 एमएल) रखी गई थी। इस तरह कुल 1980 बोतल यानी लगभग 594 लीटर शराब बरामद की गई। इसके अलावा 375 एमएल की ‘मैक डूवल’ कंपनी की शराब के 4 बोरे मिले, जिसमें प्रत्येक बोरे में 216 बोतल थीं। कुल मिलाकर इसकी मात्रा 81 लीटर आंकी गई है। साथ ही 500 एमएल की ‘किंगफिशर’ कंपनी की 30 बोतल बीयर भी बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 15 लीटर है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद वाहन को जब्त कर लिया गया है और फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशा के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।







