Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणपतगंज में रविवार की देर रात चोरी की एक घटना सामने आई, जहां एक गोदाम में चोरी करने घुसे चोरों में से एक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घटना को लेकर गोदाम मालिक गणपतगंज निवासी दीनदयाल अग्रवाल ने राघोपुर थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया। आवेदन में बताया कि गोदाम में देर रात दो चोर दीवार फांदकर अंदर घुस गए। गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में उनकी गतिविधियां कैद हो गईं। जब गोदाम मालिक ने कैमरे में संदिग्ध हलचल देखी तो उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को जानकारी दी और मौके की ओर पहुंचे। इसी दौरान चोर चोरी कर भागने लगे। बताया गया कि एक चोर दो टीन सरसों का तेल लेकर भाग रहा था। स्थानीय लोगों की सतर्कता और तत्परता से उसे पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा चोर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना तत्काल राघोपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए चोर को अपने कब्जे में ले लिया। पकड़े गए चोर की पहचान गणपतगंज वार्ड 9 निवासी कुंदन चौधरी के रूप में हुई है।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार दूसरे चोर की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।







