Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के सिमराही नगर में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर उत्साह और गरिमा का माहौल देखने को मिला। नगर के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगरिया के आवासीय परिसर स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी का ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ झंडा फहराकर स्थापना दिवस मनाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने इसके पीछे कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और संगठन के प्रति अटूट विश्वास को मुख्य कारण बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ है, जिसे हर कार्यकर्ता को जन-जन तक पहुंचाने का दायित्व निभाना चाहिए।

वहीं जिला मंत्री स्मृति कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि संगठन के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित पार्टी है, जहां हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत, एकजुटता और समर्पण को पार्टी की असली ताकत बताते हुए कहा कि इसी के बल पर पार्टी निरंतर नई ऊंचाइयों को हासिल कर रही है।
कार्यक्रम के उपरांत आगामी 12 अप्रैल को सिमराही नगर में आयोजित होने वाले ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई, जिम्मेदारियों का वितरण किया गया और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
मौके पर नगर उपाध्यक्ष रमन झा, विजय मंडल, कुंदन जायसवाल, आईटी सेल संयोजक शुभम राज, संजय सेन, किशोर दास, दीपक राउत सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







