सुपौल: राघोपुर में पुलिस की कार्रवाई: 54 लीटर देसी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रविवार रात एक युवक को गिरफ्तार किया है। गश्ती के दौरान रामनगर रोड बाईपास स्थित मछली गोदाम के पास पुलिस को यह सफलता मिली। हालांकि इस दौरान एक अन्य युवक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

पुलिस के अनुसार, सिमराही एनएच-27 से गश्ती दल जब रामनगर बाईपास की ओर बढ़ रहा था, तभी एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखते ही तेजी से भागने लगे। भागने के क्रम में बाइक के पीछे बैठा युवक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गया, जिससे वह घायल हो गया। उसके पास मौजूद तीन बोरों को जब पुलिस ने खंगाला, तो उसमें बड़ी मात्रा में देसी शराब बरामद हुई। जांच में कुल 180 बोतल ‘दिलवाले’ ब्रांड की देसी सोफी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा करीब 54 लीटर बताई गई है।

घायल युवक की पहचान नगर पंचायत सिमराही के वार्ड नंबर 8 स्थित गांधी नगर निवासी ओमप्रकाश झा के 18 वर्षीय पुत्र राजू कुमार झा के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद उसे थाना लाकर पूछताछ की गई।

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Leave a Comment