सुपौल में राष्ट्रीय लोक अदालत में उमड़ी भीड़, ट्रैफिक चालान निपटारे को सुबह से लगी लंबी कतारें

सुपौल के टाउन हॉल में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत–2026 में ट्रैफिक एवं परिवहन विभाग के लंबित चालानों के निष्पादन के लिए सुबह से ही वाहन स्वामियों की भारी भीड़ उमड़ी। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत–2026 में लोगों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह 10 बजे से टाउन हॉल, व्यवहार न्यायालय परिसर के समीप आयोजित इस विशेष लोक अदालत में ट्रैफिक एवं परिवहन विभाग से जुड़े लंबित चालानों के निष्पादन के लिए बड़ी संख्या में वाहन स्वामी पहुंचने लगे। देखते ही देखते परिसर में लोगों की लंबी कतारें लग गईं और पूरे दिन आयोजन स्थल पर भारी भीड़ बनी रही।

राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित ट्रैफिक चालानों के त्वरित निष्पादन, ऑन-द-स्पॉट सहायता और शमन राशि में राहत का लाभ लेने के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों और आसपास के क्षेत्रों से वाहन मालिक पहुंचे। आम नागरिकों में इस योजना को लेकर खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से कम समय में अपनी लंबित समस्याओं का समाधान होने से उन्हें काफी सहूलियत मिल रही है।

आयोजन के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सुपौल ने टाउन हॉल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संचालित हो सके।

निरीक्षण के क्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने आयोजन स्थल पर नागरिक सुविधाओं, सहायता केंद्र, भुगतान व्यवस्था, तकनीकी सहयोग तथा मार्गदर्शन व्यवस्था को संतोषजनक बताया।

जिला प्रशासन की ओर से वाहन स्वामियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष सहायता काउंटर, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन भुगतान व्यवस्था, तकनीकी सहायता टीम तथा मार्गदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे लोगों को चालान निष्पादन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।

Leave a Comment