News Desk Supaul:
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिपुर पंचायत के हनुमाननगर वार्ड संख्या-7 में पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ एक मामूली विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। मृतक के परिजनों ने राघोपुर थाना में आवेदन देकर 14 लोगों के खिलाफ हत्या, मारपीट, लूटपाट और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना की शुरुआत 4 जून की शाम हुई। बताया गया कि पड़ोस के कुछ बच्चों द्वारा उनके घर के आंगन में गंदगी और ईंट-पत्थर फेंके जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य घर पहुंचे और मामले को लेकर पड़ोसी पक्ष से बातचीत करने का प्रयास किया। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।

आवेदन में कहा गया है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के कई लोग एकत्रित होकर गाली-गलौज करने लगे और फिर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमले के दौरान एक व्यक्ति ने लोहे की खंती से वार कर मो. दिलशाद आलम को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई मो. अंसारूल साह पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी।
घटना में परिवार के बुजुर्ग सदस्य अब्दुल जलील साह भी घायल हो गए। परिजनों का आरोप है कि उन्हें लोहे की रॉड से पीटा गया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई और हड्डी टूट गई। इसके अलावा महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और छेड़खानी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि मारपीट के दौरान महिलाओं के गले से लगभग 80 हजार रुपये मूल्य का सोने का लॉकेट छीन लिया गया तथा घर से करीब 30 हजार रुपये नकद भी ले लिए गए। आरोप है कि घटना के दौरान एक आरोपी ने देसी कट्टा निकालकर लोगों को धमकाया, जिससे आसपास मौजूद ग्रामीण भय के कारण हस्तक्षेप नहीं कर सके।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया। मो. अंसारूल साह की हालत अधिक नाजुक होने के कारण उन्हें बाद में बेहतर इलाज के लिए नेपाल के विराटनगर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई।
मृतक की मौत के बाद परिजनों ने मामले को हत्या बताते हुए राघोपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में कुल 14 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है और सभी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
इधर, शनिवार को शव के साथ राघोपुर थाना पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। सभी का रो-रो कर बुरा हाल था। पत्नी रहीमा खातून बार-बार बेहोश हो रही थी।
मामले को लेकर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया गया है। पीड़ित पक्ष से प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कार्यवाई की जा रही है।







