Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही बाजार में गुरुवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सर्वोटेक (Servotech) स्मार्ट पावर सॉल्यूशंस के नए कार्यालय का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यालय का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार, निर्मली विधायक अनिरुद्ध यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगरिया ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनडीए नेता, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, व्यवसायी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सिमराही बाजार के युवा उद्यमी उमेश गुप्ता एवं तेजू जायसवाल द्वारा सामूहिक रूप से इस कार्यालय का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन के बाद दोनों संचालकों ने सभी अतिथियों का पारंपरिक पाग, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी गई। बताया गया कि इस योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के लिए सरकार की ओर से 78 हजार तक की सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। योजना का उद्देश्य आम लोगों के बिजली बिल में कमी लाना, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना तथा ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ाना है।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि सिमराही के दो युवाओं द्वारा सर्वोटेक कंपनी का कार्यालय शुरू करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी योजना है, जिसका लाभ अधिक से अधिक लोगों को उठाना चाहिए। डीएम ने कहा कि यदि लोग अपने घरों की छत पर सोलर सिस्टम लगाते हैं तो इससे बिजली बिल में भारी बचत होगी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे सरकारी सब्सिडी का लाभ उठाकर अपने घरों में सोलर सिस्टम अवश्य लगाएं और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा अभियान का हिस्सा बनें।
निर्मली विधायक अनिरुद्ध यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी योजना है। इस योजना के माध्यम से लोगों को कम लागत में स्वच्छ और सस्ती बिजली उपलब्ध होगी। उन्होंने सिमराही बाजार में सर्वोटेक कार्यालय के शुभारंभ पर उमेश गुप्ता एवं तेज जायसवाल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं का इस क्षेत्र में आगे आना रोजगार और विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। साथ ही उन्होंने लोगों से सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी का लाभ उठाकर अपने घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने की अपील की।

विशेषज्ञों के अनुसार रूफटॉप सोलर सिस्टम से उपभोक्ताओं की पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होती है। दिन के समय सौर ऊर्जा से बिजली का उत्पादन होने के कारण मासिक बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है। साथ ही यह पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा का स्रोत है, जिससे कार्बन उत्सर्जन कम होता है और लंबे समय तक आर्थिक लाभ भी मिलता है।

सिमराही बाजार में सर्वोटेक कार्यालय के खुलने से अब राघोपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी, तकनीकी सलाह, सोलर सिस्टम की स्थापना तथा सब्सिडी संबंधी प्रक्रिया एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक और रोजगार सृजन करने वाली पहल बताया।







