Report: A.K Chaudhary
सुपौल के उप विकास आयुक्त श्री इंद्रवीर कुमार ने गुरुवार को वीरपुर स्थित वन विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे मानसरोवर झील पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ वन प्रमंडल पदाधिकारी आतिश कुमार तथा वीरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने पूरे पार्क का पैदल भ्रमण कर निर्माण एवं विकसित की गई सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों से पार्क में उपलब्ध व्यवस्थाओं और शेष कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पार्क को और अधिक विकसित करते हुए इसे जल्द से जल्द आम लोगों के लिए खोलने की दिशा में आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करना था। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी जरूरी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि वीरपुर एवं आसपास के लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी एक आकर्षक पर्यटन स्थल उपलब्ध कराया जा सके।
मानसरोवर झील पार्क में वॉकिंग ट्रैक, चिल्ड्रेन प्ले एरिया, नौकायन (बोटिंग) सहित कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। अब इन सुविधाओं को पूर्ण रूप से संचालित कर पार्क को आमजन के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है।
उप विकास आयुक्त ने इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ आवश्यक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की तथा निकट भविष्य में पार्क को क्रियाशील कर आम लोगों के लिए खोलने की दिशा में तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया। पार्क के शुरू होने के बाद वीरपुर क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों को मनोरंजन और प्राकृतिक वातावरण का बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा।







