सुपौल: डीएम ने पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा की, बैंकों को ऋण आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

सुपौल में जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। डीएम ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को पात्र आवेदकों के ऋण आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि लाभार्थियों के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र जल्द स्थापित हो सकें।

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए प्राप्त आवेदनों तथा बैंक के माध्यम से आवश्यक ऋण स्वीकृति की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिले के सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र लाभार्थियों से प्राप्त ऋण आवेदनों का नियमानुसार जल्द-से-जल्द निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके और उनके घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह योजना स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम लोगों के बिजली खर्च को कम करने की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे में बैंक और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करें।

बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक नरेंद्र कुमार, सुपौल विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के विद्युत कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार रंजन, राघोपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के विद्युत कार्यपालक अभियंता धनंजय कुमार सिंह, सहायक विद्युत अभियंता आशुतोष कुमार शर्मा सहित विद्युत विभाग के अन्य अभियंता, पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला मुख्यालय एवं विभिन्न प्रखंडों के बैंकों के शाखा प्रबंधकों ने भी बैठक में भाग लिया।

Leave a Comment