Report: Amresh Kumar
सुपौल जिले में अवैध मादक पदार्थों के सेवन, बिक्री, परिवहन एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पिपरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 254 एमएल प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन और 792 लीटर नेपाली शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे मोटरसाइकिल, पिकअप और मारुति सुजुकी कार समेत अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को पिपरा थाना क्षेत्र में वाहनों के माध्यम से अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
नाकाबंदी कर मोटरसाइकिल से नशीला इंजेक्शन बरामद
गठित टीम ने सूचना के सत्यापन के बाद पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया माहे वार्ड नंबर-05 में नाकाबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल सवार के पास से 246 एमएल प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन, एक मोबाइल फोन और 7 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार करते हुए तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके बताए गए दुकान के पते पर भी छापेमारी की। दुकान की तलाशी में 8 एमएल प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन, चार निडिल सहित सिरिंज, ‘Strivan/05 ML’ अंकित दो खाली रैपर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस मामले में संबंधित व्यक्ति को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पिकअप से 792 लीटर नेपाली शराब बरामद
इसी अभियान के दौरान विशेष टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ भी कार्रवाई की। पुलिस ने एक पिकअप वाहन की तलाशी के दौरान 792 लीटर नेपाली शराब बरामद की। इस मामले में शराब तस्करी में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल एक पिकअप वाहन और एक मारुति सुजुकी कार को भी जब्त किया है।
छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पिपरा थाना क्षेत्र के सलमान खान, निर्मली चौक निवासी हरेंद्र मंडल, मधुबनी जिले के झंझारपुर थाना क्षेत्र निवासी महेश महतो और श्रीराम कुमार, झंझारपुर क्षेत्र के कन्हैया कुमार तथा पिपरा थाना क्षेत्र के मनीष कुमार शामिल हैं।
पूरी कार्रवाई में पुलिस ने 254 एमएल प्रतिबंधित नशीला पदार्थ, 792 लीटर नेपाली शराब, एक मोटरसाइकिल, एक पिकअप वाहन, एक चारपहिया वाहन, छह मोबाइल फोन, चार निडिल समेत सिरिंज, दो खाली नशीले इंजेक्शन के रैपर और 7 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
NDPS Act और मद्यनिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि मामले में NDPS Act एवं मद्यनिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत पिपरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब बरामद नशीले पदार्थ और शराब की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।







