छाती पर कलश रख नौ दिनों तक की पूजा, घर लौटने के बाद महिला की मौत

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में नवरात्र के दौरान नौ दिनों तक छाती पर कलश रखकर पूजा करने वाली 35 वर्षीय महिला की अचानक मौत हो गई। मंगलवार को पूजा संपन्न होने के बाद वह घर लौटी थीं। देर रात उनकी तबीयत खराब हो गई। बुधवार सुबह सीने में दर्द की शिकायत होने पर परिजन उन्हें त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृत महिला की पहचान त्रिवेणीगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या चार निवासी वीरेंद्र यादव की पत्नी सचिता देवी (35) के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि सचिता देवी नवरात्र के पहले दिन से ही त्रिवेणीगंज बाजार स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में छाती पर कलश रखकर माता की आराधना कर रही थीं। नौ दिनों का धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने के बाद मंगलवार को वह अपने घर पहुंचीं। रात में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। कुछ समय बाद उन्हें राहत महसूस हुई, लेकिन बुधवार सुबह दोबारा सीने में दर्द होने लगा। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।

डिहाइड्रेशन या हृदय संबंधी परेशानी की आशंका

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. उमेश कुमार मंडल ने बताया कि महिला को बुधवार सुबह सीने में दर्द की शिकायत के साथ लाया गया था। उन्होंने डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी और हृदय संबंधी समस्या को मौत के संभावित कारणों में शामिल बताया। हालांकि, महिला की मौत की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। नवरात्र का नौ दिवसीय अनुष्ठान पूरा करने के कुछ ही समय बाद महिला की मौत की खबर से स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]