Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड के मोतीपुर स्थित दो सरकारी विद्यालयों का गुरुवार को वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय मोतीपुर और मध्य विद्यालय मोतीपुर की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा मध्याह्न भोजन योजना की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से बातचीत कर पढ़ाई एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।

निरीक्षण के दौरान मध्य विद्यालय मोतीपुर की व्यवस्था संतोषजनक मिलने पर एसडीएम ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक की प्रशंसा की। उन्होंने विद्यालय में बेहतर प्रबंधन और व्यवस्थित शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।

वहीं, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय मोतीपुर में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति को लेकर एसडीएम ने चिंता जताई। उन्होंने शिक्षकों के साथ बैठक कर विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और पठन-पाठन की व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए।
रोस्टर तैयार कर शुरू होगी कंप्यूटर की पढ़ाई
विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से एसडीएम ने विद्यालय में रोस्टर तैयार कर कंप्यूटर क्लास शुरू करने के निर्देश दिए। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कक्षाएं संचालित होने से विद्यार्थियों को कंप्यूटर सीखने का नियमित अवसर मिल सकेगा। इस दौरान एसडीएम ने मध्याह्न भोजन योजना की भी जांच की और बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई तथा विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि विद्यालयों के निरीक्षण का उद्देश्य शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करना, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाना और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।







