सुपौल में घर-घर पहुंचेगी पाइप से रसोई गैस, डीएम ने पीएनजी कार्य का किया शुभारंभ

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल नगर परिषद क्षेत्र में अब घरों तक पाइप के जरिए प्राकृतिक गैस (पीएनजी) पहुंचाने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। गुरुवार को जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने इस योजना के कार्य का शुभारंभ किया। इस सुविधा के शुरू होने से शहरवासियों को रसोई गैस की आपूर्ति पाइपलाइन के माध्यम से मिल सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान डीएम सावन कुमार ने नगर परिषद अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार झा और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में नारियल फोड़कर एवं पौधारोपण कर कार्य की शुरुआत की। इस मौके पर पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया का भी औपचारिक शुभारंभ किया गया।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले में पीएनजी की आपूर्ति शुरू होने के बाद उपभोक्ताओं को गैस खर्च में लगभग 20 प्रतिशत तक की बचत होने की उम्मीद है। इससे लोगों को रसोई गैस की सुविधा अधिक सहज तरीके से उपलब्ध हो सकेगी।

भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के प्रतिनिधियों ने बताया कि अगले तीन महीने के भीतर पीएनजी की आपूर्ति शुरू करने के उद्देश्य से काम किया जा रहा है। शुरुआती चरण में करीब 500 परिवारों को पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से नगर परिषद के पूरे क्षेत्र में पाइपलाइन के माध्यम से प्राकृतिक गैस की आपूर्ति शुरू की जाएगी।

कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार झा, विशेष कार्य पदाधिकारी-सह-वरीय उप समाहर्ता विकास कुमार कर्ण, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव कुमार, बिहार राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक रामबाबू सहित बीपीसीएल के पूर्वी क्षेत्र (गैस) प्रमुख परमित कुमार घोष, उप महाप्रबंधक विपणन बिधान चंद्र सिकदर, क्षेत्रीय प्रबंधक निलेश नगवाडे, क्षेत्रीय समन्वयक लक्ष्मीशा एएल और विपणन पदाधिकारी संजीत कुमार वर्मा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *