



न्यूज डेस्क सुपौल:
शिक्षा के क्षेत्र में जिले के राघोपुर प्रखंड को गौरवान्वित करने वाली मध्य विद्यालय राघोपुर की शिक्षिका किरण कुमारी राउत को टीएलएम (टीचर लर्निंग मटेरियल) प्रतियोगिता में जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बाद राज्य स्तर पर चयनित होने का गौरव प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में बुधवार को विद्यालय परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय परिवार, सहकर्मी शिक्षकगण एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने उनकी सराहना की और उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
सम्मान समारोह में शिक्षिका का भव्य स्वागत
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक सिकेन्द्र प्रसाद यादव ने की। उन्होंने किरण कुमारी राउत को शॉल और फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना की। अपने संबोधन में प्रधानाध्यापक श्री यादव ने कहा, यह पूरे विद्यालय और राघोपुर प्रखंड के लिए हर्ष का विषय है कि हमारी शिक्षिका ने जिला स्तर की प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर अब राज्य स्तर पर स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि पूरे प्रखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी बताया कि 5 मार्च को जिला मुख्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में राघोपुर प्रखंड से कुल 5 शिक्षकों ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में जिले के कुल 50 शिक्षकों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई, जिसमें किरण कुमारी राउत ने अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट टीएलएम सामग्री के माध्यम से सभी को प्रभावित किया और राज्य स्तर के लिए चयनित होने का गौरव प्राप्त किया।

टीएलएम प्रस्तुति में दिखाया भारत का राज्य और राजधानी का चित्रण
सम्मान समारोह में शिक्षिका किरण कुमारी राउत ने अपनी इस सफलता का श्रेय विद्यालय परिवार, सहकर्मी शिक्षकों और छात्रों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि, यह उपलब्धि केवल मेरी नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार की सफलता है। यह सब विश्वास, मेहनत और समर्पण का परिणाम है, जो हम सभी ने मिलकर हासिल किया है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में उनके द्वारा भारत के राज्य और उनकी राजधानियों का चित्रण कर एक विशेष प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई थी, जिसे निर्णायक मंडल द्वारा अत्यंत सराहा गया। इस प्रस्तुति की उत्कृष्टता के कारण उन्हें जिला स्तर पर विजेता घोषित किया गया और राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया।
विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएँ
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों ने किरण कुमारी राउत को राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मौके पर शिक्षक देवता चौधरी, कामिनी कुमारी, निरंजन कुमार, सुनीता कुमारी, गीता कुमारी, कुमार सत्यम, कुमार शिवम, रंजना कुमारी, बेबी कुमारी, बिनोद कुमार, राजन कुमार राजा, तपेश्वर मंडल सहित अन्य कई शिक्षक एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।