सुपौल में हुआ पकड़ौआ विवाह, 22 साल का युवक… 15 साल की लड़की, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

News Desk Supaul:

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नवविवाहित जोड़े का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा और सनसनी का माहौल पैदा कर दिया है। यह मामला राजेश्वरी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजेश्वरी पंचायत के वार्ड संख्या–10 से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। वायरल वीडियो और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला कथित प्रेम-प्रसंग और जबरन कराए गए ‘पकड़ौआ विवाह’ से जुड़ा बताया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, करीब दो दिन पूर्व संध्या लगभग 5 बजे एक युवक अपनी कथित प्रेमिका से मिलने राजेश्वरी पंचायत वार्ड–10 पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिजनों एवं कुछ ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों का वहीं कथित रूप से विवाह करा दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो किसी ग्रामीण द्वारा बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कुछ ग्रामीण युवक और युवती से पूछताछ कर रहे हैं। वीडियो में युवक अपनी उम्र 22 वर्ष बताता नजर आ रहा है, जबकि युवती खुद को मात्र 15 वर्ष की बता रही है। युवती द्वारा नाबालिग होने का दावा सामने आने के बाद यह मामला और भी गंभीर हो गया है, क्योंकि यदि यह दावा सही पाया जाता है तो यह सीधे तौर पर बाल विवाह निषेध कानून और अन्य कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन माना जाएगा।

जानकारी के अनुसार, युवती राजेश्वरी पूर्वी पंचायत निवासी सुभाष यादव की पुत्री बताई जा रही है, जबकि युवक मधेपुरा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर महेश गांव का निवासी बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे पारंपरिक ‘पकड़ौआ विवाह’ की घटना मान रहे हैं, जबकि कई लोग इसे नाबालिग विवाह और कानून व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बता रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि वायरल वीडियो और उसमें किए गए दावों की सत्यता की जांच बेहद जरूरी है। यदि जांच में लड़की के नाबालिग होने की पुष्टि होती है, तो यह मामला गंभीर कानूनी दायरे में आ सकता है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया से लेकर ग्रामीण इलाकों तक चर्चा का विषय बना हुआ है।

वहीं मामले में राजेश्वरी थानाध्यक्ष युगल किशोर ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी उन्हें नहीं हैं।

Leave a Comment

[democracy id="1"]