सुपौल: भपटियाही में नशा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 3280 बोतल कोरेक्स सिरप के साथ चार गिरफ्तार

News Desk Supaul:

जिले के भपटियाही थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई सघन कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप कोरेक्स के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान दो लग्ज़री चार पहिया गाड़ियों से हजारों बोतल कोरेक्स सिरप बरामद किए गए, वहीं नकदी और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भपटियाही थाना पुलिस को यह अहम सफलता मिली। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इंडो-नेपाल सीमा की ओर से नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी क्रम में भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत चिकनी धर्मकांटा और इंडो-नेपाल रोड के पास दो संदिग्ध चार पहिया वाहनों को रोका गया।

वाहनों की तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप मिली। दोनों वाहनों से कुल 3280 पीस कोरेक्स कफ सिरप बरामद किया गया। मौके से पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रणधीर कुमार सिंह, निवासी सोभी डुमारा, जिला भोजपुर, तथा कन्हैया महतो, सोनू कुमार और सुधीर कुमार के रूप में की गई है, जो पटना जिले के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो चार चक्का वाहन (इनोवा), चार मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस संबंध में भपटियाही थाना कांड संख्या 32/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद कोरेक्स सिरप के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है, ताकि इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। किसी भी सूरत में युवाओं और समाज को नशे की गिरफ्त में जाने नहीं दिया जाएगा, और इस तरह के अपराधों में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment

[democracy id="1"]