Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामविशनपुर गांव के पास NH-27 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। सुपौल सदर अस्पताल में उपचार के क्रम में किशोरी ने दम तोड़ दिया, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

मृत किशोरी की पहचान विशनपुर दौलत वार्ड संख्या-12 निवासी छोटे लाल शर्मा की पुत्री रिता कुमारी उम्र 13 वर्ष के रूप में हुई है। रविवार को रिता सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया था। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोरी को तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर दीपक गुप्ता ने बताया कि किशोरी के बाएं पैर में फ्रैक्चर है और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में मातम छा गया।

इधर, हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। NH-27 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से नाराज लोगों का गुस्सा इस घटना के बाद फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर राम विशनपुर के पास NH-27 को जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष ने जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। जिसके बाद करीब एक घंटे बाद सड़क जाम हटाया गया और NH-27 पर यातायात बहाल हो सका। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।







