Report: A.K Chaudhary
भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (BNMU) में प्रस्तावित सेमिनारों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भवेश झा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कुलपति द्वारा की गई प्रेस कांफ्रेंस में वक्ता चयन और सेमिनार आयोजन प्रक्रिया को पूरी तरह अनुचित बताया।
भवेश झा ने कहा कि कुलपति ने स्वयं स्वीकार किया है कि वक्ता चयन बिना उनकी अनुमति के हुआ, ऐसे में पारदर्शी और निर्धारित प्रक्रिया के दावे पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना अनुमति एक “बांग्लादेशी जिहादी मानसिकता” वाले वक्ता को मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया, जो विश्वविद्यालय की गरिमा के खिलाफ है। ABVP ने इसे गंभीर चूक बताते हुए कुलपति से माफी की मांग की है।
उन्होंने PM-USHA योजना के तहत सभी सेमिनार स्थगित किए जाने के निर्णय को छात्र विरोधी और तानाशाही रवैया करार दिया। साथ ही मनोविज्ञान विभाग के शिक्षक द्वारा कथित भारत विरोधी मानसिकता वाले वक्ता को बुलाने के बावजूद कार्रवाई न होने पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि केवल सचिव को हटाना दिखावटी कदम है, पूरी समिति को भंग कर नई समिति के तहत शीघ्र सेमिनार आयोजित किए जाएं तथा विवादित वक्ताओं को बुलाने वाले सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।







