समस्तीपुर में कथित ‘पकड़ौआ विवाह’ से हड़कंप, पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक ने लगाया जबरन शादी का आरोप

News Desk Samastipur:

बिहार के समस्तीपुर जिले में एक बार फिर कथित ‘पकड़ौआ विवाह’ का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक को अगवा कर नशीला पदार्थ पिलाया गया और फिर उसकी मर्जी के खिलाफ शादी करा दी गई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

जानकारी के अनुसार, पटोरी थाना क्षेत्र के चकराज अली गांव की यह घटना बताई जा रही है। आरोप है कि गांव के शंकर राय की पुत्री लक्ष्मी कुमारी का विवाह शिउरा पंचायत के जोड़ी पोखर गांव निवासी कालेश्वर राय के पुत्र नीतीश कुमार से जबरन कराया गया। वायरल वीडियो में युवक की स्थिति सामान्य नहीं दिख रही है। वह नशे की हालत में नजर आ रहा है और वरमाला की रस्म भी ठीक से निभा नहीं पा रहा। वीडियो में एक अन्य युवक उसके हाथ को पकड़कर लड़की के गले में माला डालते हुए दिखाई दे रहा है।

नीतीश कुमार ने खुद एक वीडियो जारी कर पूरे घटनाक्रम को साझा किया है। उसने आरोप लगाया है कि 7 फरवरी को वह लाइब्रेरी जाने के लिए घर से निकला था, तभी कुछ लोगों ने उसे रास्ते से जबरन उठा लिया। युवक का कहना है कि उसके साथ मारपीट की गई और उसे नशीला पदार्थ दिया गया, जिससे वह बेहोशी जैसी हालत में पहुंच गया। इसके बाद मोरवा प्रखंड स्थित खुदनेश्वर स्थान मंदिर में उसकी जबरन शादी कर दी गई।

युवक ने यह भी दावा किया है कि शादी के बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया, ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। उसका कहना है कि यह विवाह उसकी इच्छा के विरुद्ध कराया गया और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। पटोरी थाना की टीम ने युवक को कथित ससुराल से बाहर निकालकर थाने लाया और उससे पूछताछ शुरू की। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पटोरी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस यह स्पष्ट करने में जुटी है कि विवाह आपसी सहमति से हुआ या जबरन कराया गया। वायरल वीडियो और युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Leave a Comment

[democracy id="1"]