सुपौल: धरहरा भीमशंकर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारियां अंतिम चरण में, भव्य बारात के साथ उमड़ेगा भक्तों का सैलाब

Report: A.K Chaudhary

जिले के धरहरा स्थित प्रसिद्ध भीमशंकर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर परिसर का रंग-रोगन किया जा रहा है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेंट, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा एवं ठहरने की व्यापक तैयारी की गई है। अन्य वर्षों की भांति इस वर्ष भी मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

महाशिवरात्रि के दिन यहां जिला सहित पड़ोसी देश नेपाल से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर का पट अहले सुबह तीन बजे खोल दिया जाएगा, ताकि भक्त शांतिपूर्वक जलाभिषेक और पूजा कर सकें।

महाशिवरात्रि के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी महादेव की भव्य बारात गणपतगंज बाजार से धरहरा भीमशंकर महादेव मंदिर तक धूमधाम और साज-सज्जा के साथ निकाली जाएगी। इस बार बारात की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। फूलों से सजे आकर्षक बसहा रथ पर सवार होकर भगवान भोलेनाथ मंदिर पहुंचेंगे। गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ यह शोभायात्रा गणपतगंज ठाकुरबाड़ी से मंदिर तक निकलेगी।

मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष सह वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारी की जा रही है। मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की नियुक्ति की जाएगी। मुख्य मार्ग पर जाम की समस्या को देखते हुए नापी कराकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

मंदिर कमेटी के सचिव संजीव यादव ने बताया कि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए सभी धर्मशालाओं में विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस बार रविवार को महाशिवरात्रि और सोमवार को जलढ़री रहने के कारण उम्मीद से अधिक भीड़ जुटने की संभावना है।

मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि बाबा भीमशंकर की बारात इस वर्ष भी भव्य रूप से निकलेगी और पारंपरिक तरीके से आयोजन किया जाएगा। तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल है।

मंदिर के पुजारी रमेश नंदन गिरी ने बताया कि शनिवार को नहाय-खाय के साथ महाशिवरात्रि पर्व का शुभारंभ होगा। रविवार को श्रद्धालु उपवास रखकर भगवान शिव की पूजा करेंगे, जबकि सोमवार को शिवलिंग पर जलाभिषेक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि के रात्रि में बाबा भीमशंकर का भव्य श्रृंगार और विशेष अभिषेक किया जाएगा। पुजारी ने यह भी बताया कि महाभारत काल से यहां बाबा की पूजा-अर्चना होती आ रही है। इधर, महाशिवरात्रि को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]