सहरसा में बदमाशों की गोली से घायल सातवीं के छात्र की इलाज के दौरान मौत, परिजनों में कोहराम, पुलिस जांच जारी

सहरसा में अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर घायल किए गए सातवीं कक्षा के छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है।

News Desk Saharsa:

सहरसा छात्र हत्या: सहरसा में अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर घायल किए गए 13 वर्षीय छात्र की शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।

मृत छात्र की पहचान सहरसा नगर निगम क्षेत्र के सिमराहा वार्ड नंबर चार निवासी अंकित आनंद के रूप में हुई है। अंकित, विद्या निकेतन में कक्षा सात का छात्र था। उसके पिता अनुज कुमार निराला पिछले सात वर्षों से सहरसा सिविल कोर्ट में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। परिवार के अनुसार अंकित अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था और पढ़ाई में काफी रुचि रखता था।

मृतक छात्र का फाइल फोटो

परिजनों ने बताया कि बुधवार को वह रोज की तरह सुबह करीब 10 बजे साइकिल से स्कूल गया था। दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे जब वह घर लौट रहा था, तभी घर से करीब आधा किलोमीटर पहले सिमराहा इलाके में बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाते हुए सिर में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को सहरसा के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद शहर के एक निजी अस्पताल में उसका उपचार शुरू हुआ। इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया था कि सिर में गोली लगने के कारण छात्र कोमा में चला गया था और उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी।

परिवारजन उसे बचाने की उम्मीद में इलाज के लिए सिलीगुड़ी भी ले गए, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति बताते हुए असमर्थता जताई। अंततः उसे वापस सहरसा लाकर एक निजी क्लीनिक में वेंटिलेटर पर रखा गया, जहां शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।

मामले की जानकारी देते हुए सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

वहीं सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने कहा कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई औपचारिक आवेदन नहीं दिया गया है, लेकिन पुलिस स्वयं संज्ञान लेकर हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। गोली मारने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

फिलहाल इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है और क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Comment