होली से पहले मद्य निषेध थाना सिमराही की बड़ी कार्रवाई: 1350 पीस देशी शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

होली से पहले मद्य निषेध थाना सिमराही पुलिस ने राघोपुर के चंपानगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 पेटी देशी शराब जब्त की। छापेमारी के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया तथा डुप्लीकेट नंबर प्लेट लगी एक चारपहिया वाहन भी बरामद की गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Report: A.K Chaudhary

होली पर्व को देखते हुए अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार की सुबह बड़ी कार्रवाई की गई। सुपौल जिले के मद्य निषेध थाना सिमराही की पुलिस ने राघोपुर थाना क्षेत्र के चंपानगर में छापेमारी कर 45 पेटी देशी “दिलवाले” शराब, कुल 1350 पीस, बरामद किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

डुप्लीकेट नंबर प्लेट का खेल

जांच में सामने आया कि जब्त वाहन पर दो नंबर प्लेट लगे हुए थे। गाड़ी पर बिहार का डुप्लीकेट नंबर प्लेट लगाकर उसे चलाया जा रहा था, जबकि वाहन का वास्तविक पंजीकरण नंबर पश्चिम बंगाल का (WB 74 AB 0321) है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वाहन का उपयोग पूर्व में भी तस्करी के लिए किया गया है या नहीं।

गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी

जानकारी देते हुए मद्य निषेध थाना सिमराही के थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेप बादशाह चौक से सखुआ की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चंपानगर में घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और तलाशी के दौरान शराब की खेप बरामद की गई। बताया कि तस्कर पुलिस को देखते ही गाड़ी लेके भागने का प्रयास किया जिसे पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान

गिरफ्तार तस्करों की पहचान प्रतापगंज थाना क्षेत्र के परसाबीरबल निवासी 19 वर्षीय मनीष कुमार एवं जयनगरा निवासी 22 वर्षीय नीरज कुमार के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

पुलिस टीम रही सक्रिय

इस कार्रवाई में एएसआई धीरेंद्र कुमार सिंह, विजय कुमार, दिलीप कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने जब्त शराब, वाहन और आरोपियों को थाना लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

होली से पहले की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान अवैध शराब कारोबार पर कड़ी नजर रखी जाएगी और ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Comment