Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के प्रतापगंज बाजार स्थित थाना रोड की एक मस्जिद के बाथरूम से रविवार दोपहर एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर बीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मस्जिद परिसर में पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और प्रारंभिक जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया। मृतक की पहचान भवानीपुर दक्षिण पंचायत के इस्लामपुर गांव निवासी अब्दुल नासिर के दामाद अश्विनी अहमद के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रहने वाले थे।
मृतक की पत्नी नौसीन सबा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि करीब चार वर्ष पहले दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। बाद में दोनों ने प्रतापगंज से भागकर राजस्थान में शादी कर ली और करीब एक वर्ष तक वहीं रहे। इसके बाद दोनों बिहार लौट आए और पूर्णिया में रहने लगे। इस दौरान उनके एक बेटा और एक बेटी का जन्म हुआ।

बताया गया कि पूर्णिया में रहने के दौरान अश्विनी ने धर्म परिवर्तन कर इस्लाम धर्म अपना लिया था। इसके बाद पिछले करीब दस महीनों से वह अपनी पत्नी के साथ इस्लामपुर गांव में रह रहे थे। पत्नी के अनुसार शनिवार को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद अश्विनी यह कहकर घर से निकल गए कि वह अपने घर जा रहे हैं, लेकिन वे घर नहीं पहुंचे।
रविवार दोपहर जब नमाज अदा करने के लिए लोग मस्जिद पहुंचे तो उन्होंने देखा कि बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद है। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खुलवाने की कोशिश की गई, लेकिन जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का दृश्य देखकर लोग स्तब्ध रह गए, क्योंकि वहां युवक का शव पड़ा हुआ था।
घटना की सूचना तुरंत प्रतापगंज थाना को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। इस संबंध में बीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।







